विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर पर्यटन विभाग की ओर से जनपद में ट्रेकिंग, साइक्लिंग एवं बर्ड वाचिंग गतिविधियां आयोजित की गईं। विधायक राजकुमार पोरी ने ट्रेकिंग एवं साइक्लिंग दलों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। समापन पर कायरा कैलाश होटल में आयोजित गोष्ठी में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने पर्यटन विकास में जनभागीदारी, स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग एवं हितधारकों के समन्वय पर जोर दिया।
विधायक ने कहा कि पौड़ी प्राकृतिक सौंदर्य, जैव विविधता एवं सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध है। ट्रेकिंग, साइक्लिंग, बर्ड वाचिंग, होम-स्टे, ग्रामीण एवं साहसिक पर्यटन से स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत को पर्यटन से जोड़कर पौड़ी को विशिष्ट पर्यटन गंतव्य बनाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि साहसिक पर्यटन पार्क शीघ्र तैयार होगा, जबकि जेल म्यूजियम का कार्य प्रगति पर है तथा राहू मंदिर, हंटर हाउस सहित अन्य स्थलों को अनुभव आधारित पर्यटन से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी ने स्वच्छ एवं पर्यटक-अनुकूल वातावरण को आवश्यक बताया। जिला पर्यटन अधिकारी कमल किशोर जोशी ने बताया कि ट्रेकिंग दल बुवाखाल-झंडीधार-टेका मार्ग तथा साइक्लिंग दल पर्यटन विभाग परिसर-सर्किट हाउस-टेका-झंडीधार-बुवाखाल मार्ग से कायरा कैलाश होटल पहुंचा। बर्डिंग गाइड राजीव बिष्ट ने बताया कि पौड़ी बर्ड वाचिंग के महत्वपूर्ण गंतव्य के रूप में उभर रहा है तथा कोटद्वार क्षेत्र में 400 से अधिक पक्षी प्रजातियां दर्ज हैं। वन्यजीव विशेषज्ञ जॉय हुकिल ने वन्यजीव संरक्षण एवं सही जानकारी के प्रति जागरुकता पर जोर दिया।
इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी पर्यटन विमल कुमार, ट्रैकर कुलदीप गुसाईं, प्रशांत नेगी, रितेश नेगी, मनोज सिंह, जमन सिंह नेगी सहित अन्य प्रतिभागी एवं विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।
