मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ की भावना के अनुरूप जनपद पौड़ी गढ़वाल के विकासखंड कोट में सेवा संकल्प अभियान के तहत बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया एवं मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने प्रभारी मंत्री व अतिथियों का स्वागत किया। राजकीय इंटर कॉलेज कोट की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
शिविर में पशुपालन, उद्यान, कृषि, शिक्षा, एनआरएलएम, परिवीक्षा, खाद्य, उद्योग, सहकारिता, स्वास्थ्य, मत्स्य, समाज कल्याण एवं सेवायोजन सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी तथा ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई।
प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकार की योजनाओं एवं सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाकर पात्र लोगों को लाभ दिलाना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए विभागीय अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को समन्वय से कार्य करना होगा। उन्होंने ग्राम प्रधानों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप कार्य करने पर जोर दिया।
जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला ने कहा कि अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को जिम्मेदारी से कार्य करना होगा। विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से महिलाओं, बुजुर्गों, युवाओं, बालिकाओं एवं किशोरों सहित विभिन्न वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।
इस अवसर पर कृषि विभाग की ओर से दो लाभार्थियों को 4-4 लाख रुपये के फार्म मशीनरी बैंक, एक को जियोलाइन टैंक तथा चार को नैपसेक स्प्रे वितरित किए गए। मत्स्य विभाग के एक लाभार्थी को चेक, ग्रामोत्थान परियोजना के छह लाभार्थियों को चेक, दो को महालक्ष्मी किट तथा समाज कल्याण विभाग के पांच लाभार्थियों को सहायक उपकरण दिए गए। गौरा देवी मातृशक्ति क्लस्टर की प्रमुख लक्ष्मी देवी ने योजनाओं से मिले लाभ के लिए आभार व्यक्त किया।
कैबिनेट मंत्री ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया। राजकीय इंटर कॉलेज कोट के विद्यार्थियों ने स्मार्ट सिटी, जल संचयन एवं जल संरक्षण से संबंधित नवाचार प्रदर्शित किए। कक्षा सातवीं के प्रियांशु एवं कक्षा दसवीं के शौर्य ने अपने मॉडल प्रस्तुत किए, जिनकी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सराहना की। छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुति भी दी।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख गणेश कोली, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, डीपीआरओ जितेंद्र कुमार, डीएसटीओ राम सलोने सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
