मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत विकासखंड यमकेश्वर के ब्लॉक सभागार में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में क्षेत्रवासियों ने विभिन्न समस्याएं रखीं। अधिकारियों ने समस्याएं सुनने के साथ विभागीय जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को मौके पर लाभान्वित किया।
शिविर की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख सीता चौहान ने की। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
जिला विकास अधिकारी रमेश चंद ने प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण करने तथा निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता को भी इसकी सूचना देने के निर्देश दिए।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग ने टीबी मुक्त अभियान सहित स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी दी। पशुपालन, कृषि, उद्यान, रीप, एनआरएलएम, समाज कल्याण एवं बाल विकास विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं सुविधाओं की जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर लाभान्वित किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य बचन सिंह बिष्ट, कविता डबराल, ज्येष्ठ उप प्रमुख स्वाति रावत, कनिष्ठ उप प्रमुख धर्मेंद्र सिंह रावत, खंड विकास अधिकारी आकाश बेलवाल सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
