राष्ट्रीय आयुर्वेदिक दिवस के अवसर पर बुधवार को जनपद के विभिन्न आयुर्वेदिक अस्पतालों एवं आयुष केंद्रों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में स्थानीय लोगों ने प्रतिभाग कर आयुर्वेदिक चिकित्सा एवं स्वस्थ जीवनशैली की जानकारी प्राप्त की। लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा आवश्यकतानुसार निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियां वितरित की गईं। विभिन्न विद्यालयों एवं अस्पतालों में योगाभ्यास भी कराया गया।
जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. शैलेंद्र पांडेय ने बताया कि जनपद के समस्त आयुर्वेदिक अस्पतालों में आयोजित शिविरों का उद्देश्य आयुर्वेद की उपयोगिता, स्वास्थ्य संरक्षण एवं रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा। शिविरों में 652 लाभार्थी लाभान्वित हुए। लोगों को संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या, योग एवं व्यायाम को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
शिविरों में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों की स्वास्थ्य समस्याएं सुनकर आवश्यक परामर्श एवं निःशुल्क औषधियां उपलब्ध कराईं। साथ ही आयुर्वेदिक चिकित्सा, औषधियों के उपयोग तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की जानकारी दी गई। लोगों को खान-पान में संतुलन, व्यवस्थित दिनचर्या एवं नियमित योग-व्यायाम के लिए प्रेरित करते हुए स्वास्थ्य संरक्षण और रोगों की रोकथाम के उपाय बताए गए। विभिन्न स्थानों पर आयोजित शिविरों में लोगों की सक्रिय भागीदारी रही।
