विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी अशोक कुमार जोशी की अध्यक्षता में 25 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष विभागवार प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी योजनाओं में निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को लक्ष्य प्राप्ति के लिए प्रभावी एवं समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर कार्यों में तेजी लाने को कहा। निर्धारित लक्ष्य से अधिक प्रगति वाले विभागों को आवश्यकतानुसार लक्ष्य संशोधन की कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि वास्तविक प्रगति स्पष्ट हो सके। साथ ही प्रस्तावित ईको टूरिज्म योजनाओं की भौतिक प्रगति एवं स्वीकृत धनराशि के सापेक्ष व्यय तथा पार्किंग विकास योजनाओं की भौतिक प्रगति की समीक्षा की।
मुख्य विकास अधिकारी ने परिवहन विभाग सहित अन्य विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कम प्रगति वाली योजनाओं में तेजी लाकर कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने, निर्धारित लक्ष्यों की नियमित निगरानी तथा उपलब्ध बजट का समयबद्ध एवं समुचित उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने योजनाओं की नियमित समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने को भी कहा।
बैठक में पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी रमेश चंद, जिला पंचायतीराज अधिकारी जितेंद्र कुमार, अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने, उप निबंधक सहकारिता सुमन कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
