कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य की अध्यक्षता में सोमवार को श्रीनगर स्थित वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली मेडिकल कॉलेज के मुख्य कॉन्फ्रेंस हॉल में सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित हुई।
मंत्री ने कार्यक्रम में अभिभावकों एवं ग्रामीणों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, गोद भराई व जन्मोत्सव का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने लाभार्थियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं के समाधान, स्थानीय जनप्रतिनिधियों व समुदाय की भागीदारी तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में खेलकूद, कला एवं सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित करने पर जोर दिया।
उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकत्रियों को सम्मानित करने तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण, बाल संरक्षण एवं विकास संबंधी जागरूकता गतिविधियां प्रभावी रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्षा रचना बुटोला, नगर पालिका अध्यक्षा हिमानी नेगी, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
