जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में जनता दर्शन आयोजित किया गया। इस दौरान सड़क, शिक्षा, आंगनबाड़ी, पेयजल, विद्युत, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, वन्यजीव, आपदा, अतिक्रमण सहित विभिन्न मामलों से संबंधित 36 शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का गंभीरता से परीक्षण कर नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही पूर्व जनता दर्शनों की शिकायतों की प्रगति की समीक्षा भी की गई।
जनता दर्शन में नलई में आंगनबाड़ी केंद्र तक करीब 50 मीटर मार्ग ग्राम प्रधान के माध्यम से तैयार कराने के निर्देश दिए गए। ग्राम पंचायत रखूण में उद्यान विभाग के भवन संबंधी प्रकरण में संयुक्त मजिस्ट्रेट ने बताया कि जांच में सरकारी भवन पर कब्जे की पुष्टि नहीं हुई है। किसान विकास पत्र की डुप्लीकेट प्रति, नैनीडांडा में पौधों की आपूर्ति एवं भुगतान, तोणख्या में पंचायत भवन के समीप सड़क के पुश्ते तथा खांड्यूसैंण-भुवनेश्वरी मोटर मार्ग पर पेयजल पाइपलाइन संबंधी मामलों में भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
ग्राम पंचायत चवथ में सोलर एलईडी लाइटों के भुगतान की धनराशि एवं स्थिति सत्यापित कर कार्रवाई करने को कहा गया। राजकीय इंटर कॉलेज घिंघवाड़ा के भवन को ध्वस्त करने की अनुमति मिलने के बाद छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए मुख्य शिक्षाधिकारी को आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने के निर्देश दिए गए। दनगलेश्वर मंदिर, सतपुली में सुधारीकरण कार्य की गुणवत्ता एवं महिला शौचालय की सुविधा के लिए जिला पर्यटन अधिकारी को मौके का निरीक्षण करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री घोषणा के कार्यों में गुणवत्ता के साथ जनसुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
सिंडी-जसकोट मार्ग की मरम्मत शीघ्र कराने तथा शहीद मार्ग दोमटखाल समेत जनपद की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के अभियान की जानकारी दी गई। अभियान की निगरानी के लिए अपर जिलाधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है तथा दैनिक प्रगति की समीक्षा की जा रही है। सीएससी संचालकों के प्रशिक्षण के लिए ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को प्रशिक्षण आयोजित कराने, यातायात व्यवस्था संबंधी शिकायत पर एएसपी को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा डांग गांव सहित वन्यजीव संबंधी मामलों में संबंधित विभाग को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
प्रत्येक सोमवार आयोजित होने वाले जनता मिलन कार्यक्रम में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की भी समीक्षा की गई। राजकीय अस्पताल बेदीखाल में चिकित्सक की तैनाती संबंधी शिकायत पर चिकित्सक को अस्पताल से संबद्ध कर दिया गया है। पौड़ी निवासी पूरण सिंह नेगी के सोलर कनेक्शन से जुड़े विद्युत संयोजन की जांच के बाद रीडिंग के आधार पर विद्युत देयक में संशोधन कर शिकायत का निस्तारण किया गया।
पूर्व जनता दर्शन की मानसिक स्वास्थ्य संबंधी शिकायत पर महिला का राज्य मानसिक स्वास्थ्य संस्थान, सेलाकुई में उपचार कराया गया, जिसके बाद वह स्वस्थ होकर घर लौट गई। ग्राम डांग निवासी ऊमा देवी की शिकायत पर कुलदीप सिंह का विशेषज्ञ टीम से स्वास्थ्य परीक्षण कराकर आवश्यक प्रक्रिया के बाद 18 सितंबर को उपचार हेतु सेलाकुई भेजा गया। वहीं जनता इंटर कॉलेज कमलपुर, संगलाकोटी में प्रबंध संचालक/प्रबंधक की नियुक्ति संबंधी शिकायत पर अपर शिक्षा निदेशक, माध्यमिक शिक्षा द्वारा प्रबंध संचालक की नियुक्ति कर दी गई है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता दर्शन, जनता मिलन एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं परिणामपरक निस्तारण सुनिश्चित करें। शिकायतकर्ता को नियमानुसार राहत देने के साथ की गई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए। विभागीय स्तर पर प्राप्त शिकायतों का भी नियमित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर डीएफओ महातिम यादव, अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, सीएमओ डॉ. मेघना असवाल, मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, डीडीओ रमेश चंद्र सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
