मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से तहसील सभागार पौड़ी में संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात की अध्यक्षता में तहसील दिवस आयोजित किया गया। स्थानीय लोगों एवं जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न समस्याएं एवं मांगें रखीं। तहसील दिवस में कुल 20 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें अधिकांश का निस्तारण मौके पर किया गया। संयुक्त मजिस्ट्रेट ने संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों पर प्राथमिकता से नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

तहसील दिवस में सड़क, विद्युत, जल निकासी, वन्यजीवों से सुरक्षा, विद्यालय भवन एवं आवारा पशुओं से संबंधित समस्याएं उठीं। अपर चोपड़ा मिशन कॉलोनी में घर के नीचे पानी आने की शिकायत पर राजस्व उपनिरीक्षक को निरीक्षण तथा नगर पालिका को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। च्वींचा मोटर मार्ग के गड्ढों की मरम्मत व नालियों के सुधारीकरण, विद्युत लाइन व्यवस्थित करने, जंगली सूअरों से सुरक्षा तथा सड़क किनारे झाड़ी कटान की फोटो सहित आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।
राजकीय प्राथमिक विद्यालय केसुंदर गांव की चारदीवारी व पुश्ते के सुधारीकरण, कोट गांव में आवारा पशुओं एवं कुत्तों की समस्या तथा बमटी गांव में बारिश से मकान में आई दरार के प्रकरण में भी संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
संयुक्त मजिस्ट्रेट ने कहा कि तहसील दिवस आमजन की समस्याओं के स्थानीय स्तर पर समाधान का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त प्रकरणों पर त्वरित एवं समयबद्ध कार्रवाई कर संबंधित लोगों को जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी रमेश चंद्र, मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना, एसडीओ वन आयशा बिष्ट, अधिशासी अभियंता लोनिवि विवेक सेमवाल, डीपीआरओ जितेंद्र कुमार, खंड विकास अधिकारी अमित बिजल्वाण, तहसीलदार राजेंद्र गोस्वामी सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
