जनता की समस्याओं के त्वरित निस्तारण को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने 28 शिकायतें सुनीं। उन्होंने सभी शिकायतों का स्थलीय परीक्षण कर समयबद्ध एवं नियमानुसार निस्तारण तथा शिकायतकर्ता को कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश दिए।
ग्राम कांडई निवासी विनोद कुमार की सहकारी समिति रैदुल से ऋण स्वीकृति न होने की शिकायत पर बताया गया कि ऋण सीमा स्वीकृत हो चुकी है और दो दिन में ऋण स्वीकृत होगा। अपर चोपड़ा निवासी गिरीश चंद्र की नाली से अनुचित जल निकासी से मकान को हो रही क्षति पर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को संयुक्त निरीक्षण के निर्देश दिए गए। आगणन के बावजूद कार्य न होने पर संयुक्त मजिस्ट्रेट से निरीक्षण कराकर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
धौलीधार में गुलदार-भालू से सुरक्षा के लिए तीन सोलर लाइट लगाने तथा वन विभाग को नियमित गश्त, जनजागरूकता व आवश्यक सुरक्षा उपाय करने के निर्देश दिए गए। पल्ली मल्ली में आपदा से क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन की शीघ्र मरम्मत और जल संस्थान कंट्रोल रूम की शिकायतों की निस्तारण रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।
बमणगांव-केवर्स मोटर मार्ग पर मकान के समीप मलबे के मामले में संयुक्त मजिस्ट्रेट को निरीक्षण कर नियमानुसार सहायता देने तथा घीड़ी की जिला पंचायत लिंक रोड का निरीक्षण कर मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। डुंगरी में सिंचाई जल, परसुंडाखाल में विद्युत कार्य के मानदेय, पुण्डरासु में सड़क डामरीकरण-चौड़ीकरण और चैड़ तल्ला में सुरक्षा दीवार के लिए गूल निर्माण सहित अन्य शिकायतों पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पूर्व शिकायतों के निस्तारण में ग्राम ओडागाड़ निवासी गिरीश चंद्र एवं लाजवन्ती देवी के एक ही आवासीय भवन के आंशिक क्षतिग्रस्त पाए जाने पर प्रपत्र पी-20 के तहत भवन व सामग्री की क्षति के लिए 11,500 रुपये राहत वितरित की गई। ग्राम कल्डुंग में भैरवनाथ मंदिर मार्ग के लिए सुरक्षा दीवार, सीसी व रैलिंग हेतु करीब 2.50 लाख रुपये का आगणन तैयार हुआ। ग्राम पंचायत कोट में सारा योजना के जल संवर्धन कार्य के लिए 50 हजार रुपये भुगतान पर सहमति बनी तथा शेष कार्य प्रधान-ठेकेदार के समन्वय से होगा।
ग्राम उज्याड़ी में लोनिवि की सुरक्षा दीवार गिरने से भवन को खतरे पर आपदा मद से आगणन की कार्रवाई शुरू हुई। ग्राम भिंताई मल्ली में दाणोधार-खण्डाह मोटर मार्ग पर पुश्ता ढहने से भवन सुरक्षा के लिए एसडीएमएफ मद से 2 लाख रुपये का आगणन तैयार किया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मेघना असवाल, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
