भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती 10 सितम्बर को जनपद में धूमधाम से मनायी जाएगी। तैयारियों को लेकर शनिवार को अपर जिलाधिकारी कार्यालय में अपर जिलाधिकारी एफ आर चौहान ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर एवं जीबी पंत इंजीनियरिंग कॉलेज, घुड़दौड़ी में होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग को सभी विद्यालयों में पंडित गोविंद बल्लभ पंत के जीवन, विचारों एवं योगदान पर निबंध व भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित कराने तथा उत्कृष्ट छात्र-छात्राओं को जयंती समारोह में सम्मानित करने के निर्देश दिए। सभी सरकारी कार्यालयों में उनके चित्र पर माल्यार्पण किया जाएगा।
जीबी पंत इंजीनियरिंग कॉलेज, घुड़दौड़ी में जीवन, विचारों एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान पर नुक्कड़ नाटक, भाषण एवं निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। संस्कृति विभाग को कलेक्ट्रेट परिसर एवं घुड़दौड़ी स्थित प्रतिमा स्थल पर व्यवस्थाएं तथा नगर पालिका को प्रमुख चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, प्रबंधक संस्कृति विभाग सरिता सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका संजय कुमार, जीबी पंत इंजीनियरिंग कॉलेज से प्रीति डिमरी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी शिक्षा विभाग राजेंद्र प्रसाद जुयाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
