मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों एवं गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक व रोजगारपरक शिक्षा की प्राथमिकता के अनुरूप जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जनपद के उच्च शिक्षण संस्थानों में निर्माण, मरम्मत कार्यों एवं आधुनिक उपकरणों की व्यवस्था के लिए लगभग 46 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ कौशल, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
राजकीय महाविद्यालय थलीसैंण में आधुनिक शौचालय निर्माण के लिए 11.45 लाख, भक्त दर्शन महाविद्यालय जयहरीखाल में दो कक्षों की मरम्मत के लिए 9.95 लाख, केंद्रीय विद्यालय कोटद्वार में आधुनिक उपकरण एवं सुविधाओं के लिए 4.60 लाख, राजकीय महाविद्यालय कण्वघाटी कोटद्वार के लिए 4.25 लाख तथा पीताम्बर दत्त बड़थ्वाल राजकीय महाविद्यालय कोटद्वार के लिए 6.71 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अलावा राजकीय पॉलिटेक्निक पाबौ, राजकीय महाविद्यालय कल्जीखाल, राजकीय महाविद्यालय पाबौ, राजकीय पॉलिटेक्निक सतपुली एवं गुरु गोरखनाथ महाविद्यालय बिथ्याणी, यमकेश्वर में विभिन्न विकास कार्यों व आधुनिक उपकरणों के लिए कुल 8.28 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
जिला प्रशासन संस्थानों से निरंतर समन्वय कर उनकी आवश्यकताओं व प्राथमिकताओं को कार्ययोजना में शामिल कर रहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री तक सीमित न रहकर विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने का माध्यम बने। इसी उद्देश्य से आधारभूत सुविधाओं के साथ स्मार्ट क्लास, डिजिटल संसाधन, करियर काउंसलिंग, कौशल विकास, प्लेसमेंट एवं स्वरोजगार से जुड़े अवसरों को बढ़ावा दिया जा रहा है। दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी आधुनिक व गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है और संस्थानों में चरणबद्ध तरीके से सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
