मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक एवं प्रयोगात्मक शिक्षा को बढ़ावा देने के प्रयासों के तहत जनपद पौड़ी गढ़वाल में विद्यार्थियों को कक्षा शिक्षण के साथ व्यावहारिक अनुभव देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में जनपद मुख्यालय स्थित डॉ. अंबेडकर विज्ञान संग्रहालय विद्यार्थियों को विज्ञान के प्रयोगात्मक पहलुओं को समझने का उपयोगी माध्यम बन रहा है।

बुधवार को जनता इंटर कॉलेज ल्वाली की कक्षा 9वीं एवं 11वीं के छात्र-छात्राओं ने विज्ञान संग्रहालय का भ्रमण कर विभिन्न वैज्ञानिक मॉडलों एवं उपकरणों की जानकारी ली तथा कई मॉडलों का स्वयं प्रयोग कर उनके कार्य करने की प्रक्रिया एवं वैज्ञानिक सिद्धांतों को समझा।
विज्ञान संग्रहालय में तैनात शिक्षक ने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक अवधारणाओं की जानकारी देते हुए मॉडलों का प्रयोग एवं प्रदर्शन कराया। विद्यार्थियों ने सोलर पैनल, इन्फिनिटी वेल, कलर मिक्सचर, प्लाज्मा ग्लोब, सस्पेंशन ब्रिज सहित अन्य मॉडलों को करीब से देखा और उनकी कार्यप्रणाली समझी।
छात्रा हिमांशी नेगी ने कहा कि संग्रहालय में किताबों में पढ़ी वैज्ञानिक अवधारणाओं को प्रत्यक्ष रूप से समझने और स्वयं प्रयोग करने का रोचक एवं ज्ञानवर्धक अवसर मिला। छात्र दिव्यांशु कुमार ने कहा कि प्रयोगात्मक तरीके से विज्ञान सीखने से कठिन विषय आसानी से समझ आते हैं तथा विज्ञान के प्रति जिज्ञासा एवं रुचि बढ़ती है।
छात्र-छात्राओं ने पौड़ी में विज्ञान संग्रहालय स्थापित करने के लिए जिलाधिकारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यहां विज्ञान को किताबों तक सीमित न रहकर प्रयोग एवं गतिविधियों के माध्यम से समझने का अवसर मिल रहा है, जिससे वैज्ञानिक सोच, सवाल पूछने और नई चीजें सीखने की भावना विकसित हो रही है।
जिला प्रशासन का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक संसाधनों से जोड़कर सीखने के अनुभव को रोचक, व्यावहारिक एवं प्रभावी बनाना तथा उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा एवं नवाचार की भावना विकसित करना है।
इस अवसर पर सहायक अध्यापक उत्कर्ष भट्ट, हेमंत सिंह सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
