मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुरूप आमजन को घर के निकट विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद के सभी विकासखंडों में तीन दिवसीय विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को सीएचसी पाबौ में आयोजित शिविर का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख लता रावत ने किया। प्रथम दिवस 146 लोगों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श एवं उपचार का लाभ उठाया।

जनपद में 4 जुलाई से 17 अगस्त, 2026 तक विकासखंड स्तर पर विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। अब तक बीरोंखाल, दुगड्डा, द्वारीखाल, पटीसैंण, कल्जीखाल, खिर्सू, कोट एवं नैनीडांडा में शिविर हो चुके हैं। आगामी चरण में 31 जुलाई–2 अगस्त जिला चिकित्सालय पौड़ी, 3–5 अगस्त पीएचसी पोखड़ा, 6–8 अगस्त सीएचसी रिखणीखाल, 9–11 अगस्त सीएचसी थलीसैंण, 12–14 अगस्त सीएचसी यमकेश्वर तथा 15–17 अगस्त पीएचसी जयहरीखाल में शिविर आयोजित होंगे।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बताया कि शिविरों में एक ही स्थान पर स्त्री एवं प्रसूति रोग, अस्थि रोग, सामान्य चिकित्सा, ईएनटी, नेत्र रोग एवं रेडियोलॉजी सहित विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने जनपदवासियों से निर्धारित तिथियों पर शिविरों का लाभ उठाने तथा व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एस.एम. शुक्ला ने बताया कि शिविरों में पैथोलॉजी जांच, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र हेतु चिकित्सीय परीक्षण, एनसीडी स्क्रीनिंग, सर्वाइकल कैंसर, टीबी एवं एनीमिया जांच, निःशुल्क दवा वितरण, टीकाकरण, किशोर स्वास्थ्य परामर्श, रक्तदान संबंधी सेवाएं, सिकल सेल जांच, एबीएचए, गर्भवती एवं प्रसवोत्तर माताओं के लिए एएनसी एवं पीएनसी सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि आमजन को एक ही स्थान पर समग्र एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. पंकज सिंह ने बताया कि प्रथम दिवस 146 मरीजों (52 पुरुष, 94 महिलाएं) ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। स्त्री एवं प्रसूति रोग के 6, फिजीशियन के 21, अस्थि रोग के 20 तथा नेत्र रोग के 50 मरीजों का परीक्षण एवं उपचार किया गया। साथ ही 40 एबीएचए आईडी, 36 एक्स-रे, 83 एनसीडी स्क्रीनिंग, 24 टीबी स्क्रीनिंग, 25 एचआईवी/आरकेएसके काउंसलिंग तथा 38 प्रयोगशाला जांचें की गईं।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष विमल नेगी सहित जनप्रतिनिधि, लाभार्थी, विशेषज्ञ चिकित्सक एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
