भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा प्रदेश के अधिकांश जनपदों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने तथा सोमवार रात्रि से राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार हो रही वर्षा के दृष्टिगत मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज तड़के सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन से प्रदेश में हो रही वर्षा, विभिन्न जनपदों की स्थिति, बंद सड़क मार्गों, नदियों के जलस्तर, जलभराव, राहत एवं बचाव कार्यों तथा प्रशासन की तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली।
उधर, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री श्री मदन कौशिक तथा मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन ने भी सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन से प्रदेश भर में वर्षा के कारण उत्पन्न स्थिति की जानकारी प्राप्त की और आवश्यक निर्देश जारी किए ।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में सभी विभाग पूर्ण समन्वय के साथ 24×7 अलर्ट मोड में कार्य करें। किसी भी प्रकार की आपदा अथवा आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों में एक क्षण की भी देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक संसाधन समय पर उपलब्ध कराए जाएं।
उन्होंने जिलाधिकारियों तथा विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को फील्ड में जाने तथा स्वयं स्थिति से रूबरू होने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने वर्षा के कारण बाधित सड़क मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र खोलने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने हेली सेवाओं को भी पूर्णतः अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर दुर्गम एवं आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य तत्काल संचालित किए जा सकें तथा जरूरतमंद लोगों तक शीघ्र सहायता पहुंचाई जा सके।
चारधाम यात्रा सहित प्रदेश के अन्य मार्गों पर यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि अत्यधिक वर्षा अथवा भूस्खलन की स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका जाए तथा मौसम एवं मार्ग की स्थिति सामान्य होने के बाद ही उन्हें आगे जाने की अनुमति दी जाए।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन ने सभी जनपदों के अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर प्रदेश की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए सभी निर्देशों से अधिकारियों को अवगत कराते हुए कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए तथा प्रत्येक विभाग आपसी समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
इस दौरान एससीईओ प्रशासन श्री प्रकाश चंद्र, एससीईओ क्रियान्वयन डीआईजी श्री राजकुमार नेगी, जेसीईओ श्री दिनेश कुमार पुनेठा, एसईओसी प्रभारी सुश्री प्रतिभा पुरोहित आदि उपस्थित रहे।
