मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर एवं आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। इसी क्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशों पर 1 अगस्त से कोटद्वार के शशिधर भट्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम में क्रिकेट एवं बास्केटबॉल तथा पौड़ी के रांसी स्टेडियम में वॉलीबॉल का नियमित प्रशिक्षण शुरू किया जाएगा। खेलो इंडिया योजना की गाइडलाइन के तहत प्रशिक्षित कोचों की नियुक्ति की जा रही है तथा खिलाड़ियों को आवश्यक खेल सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी।
जिलाधिकारी ने पूर्व में दोनों स्टेडियमों का निरीक्षण कर खेल सुविधाओं, आधारभूत ढांचे एवं प्रशिक्षण व्यवस्थाओं की समीक्षा की थी। इस दौरान खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं खेल प्रेमियों ने नियमित प्रशिक्षकों की नियुक्ति, पर्याप्त खेल सामग्री और व्यवस्थित प्रशिक्षण शिविर संचालित करने का सुझाव दिया। उन्होंने बताया कि जनपद के अनेक बच्चे क्रिकेट, बास्केटबॉल और वॉलीबॉल में रुचि रखते हैं, लेकिन विशेषज्ञ कोचों के अभाव में उन्हें उचित मार्गदर्शन नहीं मिल पाता। इस पर जिलाधिकारी ने खेलो इंडिया योजना के अनुरूप प्रशिक्षित कोचों की शीघ्र नियुक्ति के निर्देश दिए थे।
जिलाधिकारी ने कहा कि नियमित प्रशिक्षण से बच्चों और युवाओं को अनुभवी कोचों से उच्चस्तरीय प्रशिक्षण मिलेगा, जिससे उनकी तकनीकी दक्षता, फिटनेस एवं प्रतियोगी क्षमता बढ़ेगी और वे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर तैयारी कर सकेंगे। प्रशिक्षण के दौरान आवश्यक खेल सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि 1 अगस्त से प्रशिक्षण सत्र नियमित रूप से संचालित होंगे। प्रशिक्षित कोच खिलाड़ियों को खेलों की तकनीकी बारीकियों, फिटनेस, अनुशासन एवं प्रतियोगी रणनीतियों का प्रशिक्षण देंगे। इच्छुक खिलाड़ी क्रिकेट एवं बास्केटबॉल के लिए शशिधर भट्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम, कोटद्वार तथा वॉलीबॉल के लिए रांसी स्टेडियम, पौड़ी में 1 अगस्त से पंजीकरण करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल खेल प्रतिभाओं को नया मंच देने, युवाओं को खेलों में पेशेवर भविष्य के लिए प्रेरित करने तथा जनपद में खेल संस्कृति को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
