जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में बाल श्रम उन्मूलन अभियान के तहत जिला टास्क फोर्स समिति ने कोटद्वार नगर क्षेत्र में सघन निरीक्षण अभियान चलाया। बद्रीनाथ मार्ग स्थित एक मिठाई की दुकान से 14 वर्ष से कम आयु के एक बालक को बाल श्रम से मुक्त कराते हुए प्रतिष्ठान संचालक का चालान किया गया तथा बालक को नियमानुसार उसके मामा की सुपुर्दगी में सौंपा गया। साथ ही उसके शिक्षण संस्थान में प्रवेश सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अभियान के दौरान बद्रीनाथ मार्ग, झंडा चौक, बस स्टेशन एवं तीलू रौतेली चौक क्षेत्र के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। एक अन्य प्रतिष्ठान में लगभग 17 वर्षीय किशोर कार्य करता मिला, जिसके संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जिला टास्क फोर्स ने आमजन से बाल श्रम की सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर देने की अपील की है।
अभियान में बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष राकेश चंद्रा बिडालिया, श्रम प्रवर्तन अधिकारी मोहन बेलवाल, जिला बाल संरक्षण इकाई से ओम प्रकाश थपलियाल, चाइल्ड हेल्पलाइन से धर्मेंद्र तथा पुलिस विभाग से विद्या मेहता, सुमित चौधरी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
