30 जुलाई से शुरू होने वाली विश्वप्रसिद्ध कांवड़ यात्रा की तैयारियों के तहत जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने नीलकंठ महादेव मंदिर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर यात्रा मार्ग, मंदिर परिसर एवं विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सड़क, पैदल मार्ग, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत, पार्किंग, ट्रैफिक, सुरक्षा, संचार नेटवर्क, स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने इंटरलॉकिंग टाइल्स, सड़क मरम्मत, नालियों की सफाई, जल निकासी, पुंडरासू पैदल मार्ग निर्माण, रेलिंग, प्रकाश व्यवस्था एवं संकेतक बोर्ड लगाने के कार्य शीघ्र पूर्ण करने को कहा। उन्होंने लीगेसी वेस्ट निस्तारण कार्य का निरीक्षण कर 25 जुलाई तक क्षेत्र की सफाई पूरी करने तथा विशेष स्वच्छता अभियान को यात्रा अवधि तक जारी रखने के निर्देश दिए। साथ ही पर्याप्त सफाई कर्मियों, कूड़ेदानों और नियमित कूड़ा उठान की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पर्याप्त पेयजल, शौचालयों में जलापूर्ति, पार्किंग प्रबंधन, पुलियों की मजबूती, भू-कटाव नियंत्रण एवं वर्षाजल निकासी की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। यातायात व्यवस्था को लेकर टैक्सी-मैक्सी संचालकों से संवाद कर ट्रैफिक प्लान साझा किया तथा डायवर्जन मार्गों, पार्किंग स्थलों और प्रमुख स्थानों पर दिशासूचक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए।
दूरसंचार सेवाओं की समीक्षा में मोबाइल सेवा प्रदाताओं को नेटवर्क क्षमता बढ़ाने एवं आवश्यकतानुसार अस्थायी टावर लगाने के निर्देश दिए गए। पुलिस कंट्रोल रूम एवं चौकी निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी, प्रकाश व्यवस्था, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और आपातकालीन सेवा 112 के प्रभावी संचालन पर जोर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग को प्राथमिक उपचार केंद्र, एंबुलेंस, चिकित्सकीय टीमों एवं आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने मंदिर के महंत सुभाष पुरी से सुझाव भी प्राप्त किए और कहा कि लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं निर्बाध आवागमन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए व्यवस्थाओं का पूर्व परीक्षण (ड्राई रन) सुनिश्चित करने तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम चतर सिंह चौहान, एएसपी मनोज ठाकुर, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग निर्भय सिंह, अधिशासी अभियंता जल संस्थान अभिषेक वर्मा, एएमए जिला पंचायत संजय खंडूरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
