कोटद्वार। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण ने एडीबी वित्तपोषित पेयजल एवं आधारभूत अवसंरचना परियोजना के तहत वार्ड संख्या 4 से 26 तक चल रहे विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुरूप हो रहे क्रियान्वयन का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि सभी कार्य समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न किए जाएं, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि यह परियोजना कोटद्वार के भविष्य को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है। परियोजना के पूर्ण होने के बाद नगर क्षेत्र के हजारों लोगों को स्वच्छ और नियमित पेयजल आपूर्ति का लाभ मिलेगा। साथ ही पुरानी पाइपलाइनों से जुड़ी समस्याओं का समाधान होगा और शहर की आधारभूत सुविधाओं में व्यापक सुधार देखने को मिलेगा।
उन्होंने कहा कि कोटद्वार के समग्र और दीर्घकालिक विकास के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा सभी विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।
